क्राइमजाँजगीर -चाँपा

11 KV सिल्वर तार चोरी मामले का खुलासा: कबाड़ी समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो पिकअप सहित ₹4.85 लाख का माल बरामद

खोखरा और उरकुरा (रायपुर) के आरोपी शामिल; 450 किलो सिल्वर तार व वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन जप्त कर आरोपियों को भेजा रिमांड पर

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरियारी में खंभों से 11 केवी का सिल्वर विद्युत तार चोरी करने वाले अंतरजिले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तार चोरी करने वाले चार आरोपियों सहित चोरी का माल खरीदने वाले रायपुर के कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 450 किलो सिल्वर तार (कीमत लगभग ₹85,000) तथा वारदात में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन (कीमत लगभग ₹4 लाख) समेत कुल ₹4.85 लाख का माल बरामद किया है।

पोल्ट्री फार्म के कनेक्शन के लिए बिछाया गया था तार

घटना के संबंध में प्रार्थी ने थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम कुरियारी डोंगाघाट से कुरियारी मुख्य मार्ग पर स्थित उसके पोल्ट्री फार्म में विद्युत कनेक्शन के लिए 11 खंभे लगाकर 11 केवी का सिल्वर तार बिछाया गया था। 25 सितंबर की सुबह जब वह मौके पर पहुंचा, तो खंभों पर लगा लगभग 450 किलो तार गायब था। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्य व मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया पिकअप चालक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, एएसपी डॉ. युलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से जानकारी मिली कि वारदात में एक बोलेरो पिकअप वाहन का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चालक अविनाश थवाईत उर्फ मोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

रायपुर के उरकुरा में खपाया था माल, कबाड़ी भी धराया

कड़ाई से पूछताछ करने पर अविनाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर तार चोरी करने की बात कबूल की। उसने बताया कि चोरी किया गया तार रायपुर के उरकुरा स्थित सृष्टि मेटालिक में बेचा गया था। पुलिस टीम ने तत्काल रायपुर में दबिश देकर चोरी का तार खरीदने वाले कबाड़ी पप्पू कोल के कब्जे से पूरा 450 किलो तार बरामद कर लिया। मामले में सभी पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

  1. अविनाश थवाईत उर्फ मोटू (निवासी खोखरा, थाना जांजगीर)
  2. दीपांशु कूड़ापे उर्फ चिकी (निवासी उरकुरा, रायपुर)
  3. सनी सिंह (निवासी उरकुरा, रायपुर)
  4. राजेन्द्र कुमार उर्फ चाचा (निवासी उरकुरा, रायपुर)
  5. पप्पू कोल (निवासी उरकुरा शीतलापारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर)

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह, सउनि संतोष बंजारे, आरक्षक शिवरायसागर, प्रवीण साहू, खुरेन्द्र शुक्ला, पतिराम यादव, बलराम यादव, रामकुमार कश्यप, यशवंत पाटले सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button