वडनगर से वाराणसी की ‘सेवा संकल्प यात्रा’ पहुंची जांजगीर: प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बाइक रैली में लिया हिस्सा, युवाओं से किया संवाद

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को समर्पित यात्रा का आत्मीय स्वागत; शॉल व पुष्पगुच्छ से सम्मानित हुए बाइकर्स, राष्ट्र निर्माण में जुटने का आह्वान
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के जांजगीर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक बाइक के जरिए जनसेवा और राष्ट्रसेवा का संदेश लेकर निकली इस यात्रा के स्वागत में जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
प्रभारी मंत्री ने बाइक रैली में बढ़ाया उत्साह

जिले में यात्रा के आगमन पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने खुद बाइक रैली में सहभागिता कर युवाओं का जोश बढ़ाया। इसके बाद आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने यात्रा में शामिल सभी बाइकर्स को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया और उनकी इस पहल की सराहना की।
मोदी जी के 25 वर्ष जनसेवा और संकल्प की यात्रा: ओ.पी. चौधरी

युवा संवाद को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल वर्षों की गिनती नहीं, बल्कि जनसेवा, राष्ट्रसेवा और भारत के सर्वांगीण विकास का संकल्प हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री पद तक पीएम मोदी ने हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी और आम पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली लोगों को अवसर प्रदान किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को ‘विकसित राष्ट्र’ बनाने का संकल्प लिया गया है और छत्तीसगढ़ को भी विकास के नए शिखर पर ले जाने के लिए युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और समर्पण बेहद जरूरी है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा का महापर्व: सांसद कमलेश जांगड़े

जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि पूरे देश और प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा की भावना को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक बाइक से निकले ये युवा समाज के हर वर्ग तक जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश पहुंचा रहे हैं।
जन-जन तक पहुंच रहा सुशासन का संदेश: नारायण चंदेल
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी सेवा यात्रा का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से सेवा का भाव गांव-गांव तक पहुंच रहा है। लोग केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं और सुशासन के कार्यों से अवगत हो रहे हैं।
इस अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, धमतरी महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, प्रियंका पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, रामदेव कुमावत, गुलाब सिंह चंदेल, अमर सुल्तानिया, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, इंजी रवि पांडेय, नंदिनी राजवाड़े, संतोषी सिंह, विकास शर्मा, हितेश यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और युवा उपस्थित रहे।
#






