Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

‘स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज’: गांधी जयंती पर उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 के 84 एनसीसी कैडेटों ने चलाया सफाई अभियान

1 सीजी एनसीसी बटालियन की पहल; स्कूल परिसर और आसपास श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, जीवनशैली बनाने की ली शपथ

🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर 1 सीजी एनसीसी बटालियन की सबयूनिट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 जांजगीर के एनसीसी कैडेटों ने स्वच्छता अभियान चलाकर बापू को नमन किया। कमान अधिकारी कर्नल सेंथिल कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं एनसीसी अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों व आम नागरिकों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का संचार करना रहा।

श्रमदान कर की परिसर व आसपास की सफाई

अभियान के तहत एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक विद्यालय परिसर, कक्षाओं और आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में सघन सफाई अभियान चलाया। कैडेटों ने न केवल श्रमदान किया, बल्कि स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, गीला व सूखा कचरा नियत स्थानों पर डालने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्य, एनसीसी अधिकारी, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सामूहिक शपथ ली। सभी ने अपने घर, स्कूल और मोहल्ले को स्वच्छ रखने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया। इस दौरान 73 वर्तमान कैडेट्स और 11 पूर्व कैडेट्स सहित कुल 84 कैडेटों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

बापू के विचार आज भी प्रेरणादायी: प्राचार्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य परमेश्वरी सोनी ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचार आज भी पूरे समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। स्वच्छता केवल एक दिन का औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली स्वस्थ जीवनशैली है। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी जी के विचारों को आत्मसात कर स्वच्छता का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button