सेवा संकल्प अभियान 2026: जावलपुर शिविर में करोड़ों के ऋण स्वीकृत, स्वास्थ्य जांच से लेकर योजनाओं का ग्रामीणों को मिला सीधा लाभ

बलौदा विकासखंड के अटल समरसता भवन में लगा सेवा सेतु शिविर, आजीविका ऋण मेले में 5.37 करोड़ की राशि का मौके पर वितरण
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत बलौदा विकासखंड के ग्राम जावलपुर स्थित अटल समरसता भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के जरिए शासन के विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया गया। पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ मिलने से शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत और सुविधा का केंद्र बना।

करोड़ों के ऋण स्वीकृत व वितरित
शिविर में आयोजित आजीविका ऋण मेले के माध्यम से ग्रामीणों और महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार व आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल हुई। ऋण मेले में कुल 336 प्रकरणों में 7.615 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई। वहीं 235 प्रकरणों में 10.9475 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए तथा 99 प्रकरणों में 5.37 करोड़ रुपये की राशि का प्रत्यक्ष वितरण किया गया। शिविर के दौरान कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 109 मांग और 1 शिकायत से संबंधित रहा।
सामग्री वितरण, लखपति दीदियों का सम्मान
शिविर में दिव्यांगजनों को ट्रायसायकल और ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र सहित कई राजस्व सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराई गईं। स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख व जॉब कार्ड बांटे गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, पीएम आवास योजना और आयुष्मान भारत योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नई लखपति दीदियों का सम्मान हुआ। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

मौके पर स्वास्थ्य परीक्षण व जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर स्थल पर ग्रामीणों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं दी गईं। मौके पर ही पोर्टेबल एक्स-रे, गैर संचारी रोग (एनसीडी) जांच और नेत्र परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जहां डॉक्टरों की टीम ने जांच कर दवाइयां और आवश्यक परामर्श दिया। अतिथियों व अधिकारियों ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
जनप्रतिनिधि व अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नी लाल साहू, जिला पंचायत सदस्य बबीता रात्रे, उमा राठौर, जनपद पंचायत अध्यक्ष शारदा सनत देवांगन, उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत, सभापति संगीता देवेन्द्र गौतम, अश्वनी दिनकर, रोशन पटेल, सरपंच तारा शरद शुक्ला, उप सरपंच हरनारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।




