सेवा संकल्प अभियान के तहत सेमरा में ‘सेवा सेतु’: मौके पर बंटे 7.90 करोड़ के चेक, पीएम आवास की चाबी व ट्राई-साइकिल पाकर खिले ग्रामीणों के चेहरे

हाई स्कूल मैदान में लगा वृहद शिविर, आजीविका ऋण मेले में 19.43 करोड़ रुपये के प्रकरण प्रेषित; महिला एवं बाल विकास विभाग ने कराई गोद भराई व अन्नप्राशन

🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। “सेवा संकल्प अभियान” (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के अंतर्गत ‘सरकार आपके द्वार’ की संकल्पना को साकार करते हुए नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत सेमरा स्थित हाई स्कूल परिसर में वृहद ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों को मौके पर उपलब्ध कराया गया। विशेष रूप से आयोजित आजीविका ऋण मेले के माध्यम से ग्रामीणों और महिला स्व-सहायता समूहों के स्वरोजगार को बड़ा संबल मिला, जहां 281 प्रकरणों में 7.90 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण मौके पर ही किया गया।
आजीविका ऋण मेले में रिकॉर्ड वित्तीय सहायता
शिविर में स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित आजीविका ऋण मेले में बड़े पैमाने पर वित्तीय प्रकरणों का निराकरण किया गया:
- प्रेषित राशि: 908 प्रकरणों में कुल 19.43 करोड़ रुपये की राशि बैंकों को प्रेषित की गई।
- स्वीकृत प्रकरण: 537 प्रकरणों में 13.41 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
- सीधा वितरण: 281 प्रकरणों में 7.90 करोड़ रुपये का ऋण सीधे हितग्राहियों के खातों/चेक के माध्यम से वितरित किया गया।
पीएम आवास की चाबी से लेकर ट्राई-साइकिल तक बंटी सौगातें
शिविर में मंच से विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पूर्ण हो चुके मकानों के हितग्राहियों को गृह प्रवेश हेतु चाबियां सौंपी गईं। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, वय वंदन योजना कार्ड, दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल व व्हीलचेयर, किसानों को नैनो यूरिया और मजदूरों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति से ‘गोद भराई’ और नन्हे-मुन्ने बच्चों का ‘अन्नप्राशन’ संस्कार संपन्न कराकर सुपोषण किट वितरित की गई।

जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का किया निरीक्षण, सुनीं समस्याएं
शिविर में पहुंचे अतिथियों एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंचे। ग्रामीणों ने भी विभागीय काउंटरों पर पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही परीक्षण कर निराकरण किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कांता मनमोहन कश्यप, नगर पंचायत नवागढ़ उपाध्यक्ष निरंजन कोसले, इंजी. रवि पांडेय, विवेका गोपाल, हितेश यादव, खम्हन तिवारी, नरेन्द्र कौशिक, प्रेम धीवर, सेमरा सरपंच सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।




