लायंस क्लब चांपा का सेवा सप्ताह: लायंस स्कूल में निःशुल्क दंत परीक्षण शिविर संपन्न, डॉ. वर्षारानी सोनी ने 277 मरीजों को दिया परामर्श

सेवा सप्ताह के चौथे दिन स्वास्थ्य जागरूकता की अनूठी पहल, बच्चों व नागरिकों को सिखाए गए दांतों की उचित देखभाल के तरीके
🔴 आज की बात News | जांजगीर चांपा। लायंस क्लब चांपा द्वारा संचालित सेवा सप्ताह के अंतर्गत सामाजिक व स्वास्थ्य सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी है। सेवा सप्ताह के चतुर्थ दिवस लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल चांपा परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क दंत परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे कुल 277 लोगों ने अपने दांतों और मुख स्वास्थ्य की जांच कराकर विशेषज्ञ सलाह का लाभ उठाया।
दंत रोग विशेषज्ञ ने दी जांच व उचित देखभाल की सलाह
शिविर में चांपा नगर की प्रसिद्ध दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीमती वर्षारानी सोनी ने अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने शिविर में पहुंचे 277 मरीजों, जिनमें स्कूली बच्चे और स्थानीय नागरिक शामिल थे, के दांतों का बारीकी से परीक्षण किया। डॉ. सोनी ने दंत रोगों से बचाव, पायरिया, कैविटी, मसूड़ों की समस्या से सुरक्षा और ओरल हाइजीन (मुख स्वच्छता) को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने उपस्थित लोगों को दिन में दो बार ब्रश करने और नियमित अंतराल पर दंत जांच कराने का सुझाव दिया।
पदाधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ सेवा कार्य
आयोजन के दौरान लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने व्यवस्था संभालते हुए सेवा कार्य में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से लायंस क्लब चांपा के अध्यक्ष एमजेएफ लायन संतोष कुमार सोनी (अधिवक्ता एवं जोन चेयरपर्सन प्रेरणा 27), सचिव लायन वासुदेव चंद देवांगन, कार्यक्रम चेयरमैन लायन रामप्रपन्न देवांगन उपस्थित रहे।
इसके साथ ही डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एमजेएफ लायन डॉ. संतोष कुमार अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन विनोद कुमार अग्रवाल, लायन बैजनाथ देवांगन तथा स्कूल सचिव लायन सुरेश अग्रवाल ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में सराहनीय सहयोग दिया।




