Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

76×76 फीट की विशाल रंगोली में दिखा ‘विकसित भारत’ का अक्स: खोखरा में 30 कलाकारों ने 15 घंटे में उकेरा संकल्प; कोसा और धान ने बढ़ाई जिले की शान

सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प सभा में आकर्षण का केंद्र रही कलाकृति; दाल, अनाज और फूलों जैसी 80% प्राकृतिक सामग्रियों से हुआ निर्माण

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पुलिस ग्राउंड खोखरा में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के दौरान तैयार की गई 76×76 फीट की विशालकाय रंगोली पूरे आयोजन का मुख्य केंद्र बिंदु बनी रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जीवंत करते हुए बनाई गई इस कलाकृति में देश के विकास, आत्मनिर्भरता, कृषि, शिक्षा, विज्ञान-तकनीक और महिला सशक्तिकरण की बहुरंगी तस्वीरों को बेहद कुशलता से उकेरा गया।

कोसा का चरखा और धान की बाली: स्थानीय पहचान का अनूठा संगम

रंगोली की सबसे खास बात जांजगीर-चांपा जिले की पारंपरिक पहचान को इसमें दिया गया सम्मान रहा। रंगोली के पास कोसे के कोकून (फल) और कोसा कताई का पारंपरिक चरखा विशेष तौर पर प्रदर्शित किया गया था। इसके साथ ही रंगोली के कैनवास में जिले के धान के कटोरे स्वरूप को दर्शाने के लिए धान की बालियों को प्रमुखता से स्थान दिया गया। आधुनिक अधोसंरचना के साथ स्थानीय बुनकर परंपरा और कृषि संस्कृति का यह संगम उपस्थित जनसमूह और अतिथियों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

30 कलाकारों की 15 घंटे की अनवरत मेहनत, 80% प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग

इस 76×76 फीट की विशाल रंगोली को आनंद आदित्य और राजेश भैय्याजी के कुशल मार्गदर्शन में स्थानीय महाविद्यालयीन विद्यार्थियों और कलाकारों ने तैयार किया। करीब 30 युवाओं की टीम ने लगातार 15 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद इसे पूर्ण आकार दिया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रंगोली में लगभग 80 प्रतिशत प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल किया गया। इसमें चावल, मूंग दाल, मसूर दाल, धान, गेहूं के दाने, रंग-बिरंगे फूलों की पंखुड़ियां और हरी पत्तियां मुख्य रूप से शामिल रहीं।

नालंदा परिसर से लेकर सौर ऊर्जा तक: चित्रों में दिखा विकास का खाका

रंगोली के विभिन्न खंडों में जिले और देश में हो रहे अधोसंरचनात्मक बदलावों को प्रमुखता से दर्शाया गया था। इसमें जिले के नालंदा परिसर लाइब्रेरी, जांजगीर बायपास रोड, सौर ऊर्जा संयंत्र, आधुनिक डिजिटल तकनीक, उच्च शिक्षा और सशक्त नारी शक्ति के प्रतीकात्मक चित्र बनाए गए थे, जो 2047 के भारत की रूपरेखा प्रस्तुत कर रहे थे। रंगोली के चारों ओर उपस्थित नागरिकों, छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों ने विशाल मानव श्रृंखला (ह्यूमन चेन) बनाकर एकता, सहभागिता और सामूहिक राष्ट्र निर्माण का संकल्प दोहराया।

मंत्री खुशवंत साहेब ने किया उद्घाटन

इस भव्य रंगोली का विधिवत उद्घाटन कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, भूपेंद्र सवन्नी और भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने किया। अतिथियों ने कलाकारों के हुनर और परिकल्पना की मुक्तकंठ से सराहना की।

आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी की विशेष सहभागिता और सतत मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी व कार्यक्रम संयोजक राकेश रूपवानी, श्रीमती प्रियंका सिंह, डॉ. धनेश्वरी जागृति, श्रीमती मेघा यादव एवं श्रीमती प्रेमलता कौशिक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button