Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

प्रधानमंत्री आवास योजना से भूपेंद्र कुमार भारद्वाज का पक्के घर का सपना हुआ साकार, सेवा सेतु शिविर में मिली नवनिर्मित मकान की चाबी

बरसों तक कच्चे मकान में झेली बारिश और सीलन की मार; सेवा संकल्प अभियान के तहत नवागढ़ ब्लॉक के सेमरा में पूरी हुई आशियाने की आस

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले के विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत ग्राम सलखन निवासी श्री भूपेंद्र कुमार भारद्वाज और उनके परिवार के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना जीवन में खुशियों का नया सवेरा लेकर आई है। वर्षों से कच्चे मकान की असुरक्षा और बारिश के दिनों में टपकती छत की चिंता झेल रहे भारद्वाज परिवार को अब खुद की पक्की छत मिल गई है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ग्राम सेमरा में आयोजित सेवा सेतु शिविर के दौरान हितग्राही भूपेंद्र को उनके नवनिर्मित पक्के मकान की चाबी विधिवत सौंपी गई, जिससे उनका वर्षों पुराना सपना साकार हुआ।

मिट्टी और छप्पर की दीवारें थीं पहचान, आर्थिक तंगी बनी थी रुकावट

भूपेंद्र कुमार भारद्वाज का परिवार लंबे समय से मिट्टी और खपरैल की छत वाले कच्चे मकान में गुजर-बसर कर रहा था। सीमित आय और कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते अपने बूते पर पक्का मकान खड़ा करना परिवार के लिए एक दूर का सपना बना हुआ था। हर वर्ष बरसात के मौसम में छप्पर से पानी टपकने, दीवारों में सीलन आने और जहरीले जीव-जंतुओं के खतरे के बीच पूरा परिवार भय और असुविधा में रातें गुजारने को विवश रहता था। परिवार की सुरक्षा और बच्चों के भविष्य को लेकर वे हमेशा चिंतित रहते थे।

सेवा सेतु शिविर में सौंपा गया आशियाना

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में नाम स्वीकृत होने के बाद तकनीकी मार्गदर्शन और समय पर किस्तों के भुगतान से भूपेंद्र भारद्वाज का पक्का घर बनकर तैयार हुआ। जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ग्राम सेमरा में आयोजित ‘सेवा सेतु शिविर’ में उन्हें प्रशासन द्वारा विधिवत घर की चाबी सौंपी गई। चाबी हाथ में आते ही भूपेंद्र और उनके परिजनों के चेहरों पर संतोष और खुशी की चमक साफ नजर आई।

‘यह केवल मकान नहीं, परिवार की सुरक्षा और आत्मसम्मान है’

नवनिर्मित पक्के मकान की चाबी मिलने के बाद श्री भूपेंद्र भारद्वाज ने भावुक होते हुए कहा कि यह पक्की छत उनके लिए केवल ईंट-गारे का ढांचा नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, आत्मसम्मान और एक सुरक्षित भविष्य की नई शुरुआत है। अब उनके बच्चों को पढ़ने और परिवार को बेफिक्र होकर रहने का सुरक्षित वातावरण मिल गया है। इस मानवीय सहयोग और जनकल्याणकारी पहल के लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।

Related Articles

Back to top button