Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

अग्रसेन जयंती पर जागृती शाखा ने किया शोभायात्रा का भव्य स्वागत: नन्हे बच्चों की जीवंत झांकी रही आकर्षण का केंद्र, तिलक लगाकर बरसाए फूल

सुबह महाआरती और अस्पताल में मरीजों को फल वितरण के साथ शुरू हुआ सेवा पर्व; श्याम टाइल्स के सामने सजा भव्य स्वागत द्वार

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। नैला-जांजगीर में अग्रकुल प्रवर्तक भगवान श्री अग्रसेन जी महाराज की जयंती पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और सेवा भाव के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा (नैला-जांजगीर) द्वारा विविध सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत भगवान अग्रसेन की विधि-विधान से महाआरती कर की गई, जिसके उपरांत शाखा की महिला सदस्यों ने शासकीय अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

श्याम टाइल्स के सामने सजा नयनाभिराम स्वागत द्वार

श्री राम मंदिर नैला से कचहरी चौक जांजगीर तक निकाली गई विशाल शोभायात्रा का जागृति शाखा की ओर से अभूतपूर्व स्वागत किया गया। वीआईपी सिटी के समीप, श्याम टाइल्स के सामने एक भव्य और कलात्मक स्वागत द्वार तैयार किया गया था। शोभायात्रा के मंच के समक्ष पहुंचते ही शाखा की सदस्यों ने अग्रजनों पर पुष्पवर्षा की, तिलक लगाकर अभिनंदन किया और दीप प्रज्वलित कर आरती उतारी। इसके साथ ही शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय व जूस वितरण की व्यवस्था की गई।

नन्हे बच्चों की जीवंत झांकी ने मोहा सबका मन

स्वागत द्वार के मंच पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत जीवंत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्री विष्णु, माता लक्ष्मी, महाराजा अग्रसेन और कुलदेवी माँ माधवी के स्वरूप में सजकर पहुंचे थे, जिनके दर्शन कर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उपस्थित अग्रजनों और समाज प्रमुखों ने इस अनूठी प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों ने की सराहना

मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (जोन-4) अमर सुल्तानिया, प्रांतीय अध्यक्ष प्रशांत गांधी और प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती रीना केडिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर अमर सुल्तानिया ने कहा कि जागृति शाखा की बहनों ने जिस समर्पण और सुरुचिपूर्ण ढंग से यह स्वागत द्वार सजाया है, वह अत्यंत सराहनीय है। शाखा अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल ने सभी सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विगत दो वर्षों से लगातार यह परंपरा निभाई जा रही है, जिसे समाज का भरपूर स्नेह मिल रहा है।

इस अवसर पर प्रांतीय निर्देशक श्रीमती सुनीता मोदी, प्रांतीय संयोजक श्रीमती शिखा अग्रवाल, प्रांतीय सहसंयोजक श्रीमती कल्याणी भोपालपुरिया, प्रांतीय सहसंयोजक श्रीमती अनुपमा गोयल, सचिव श्रीमती अनीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता मोदी, श्रीमती बबीता गर्ग, श्रीमती संतोष अग्रवाल, श्रीमती सोनल पालीवाल सहित जागृति शाखा की सदस्य एवं अग्र समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button