छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में नया अध्याय: CM विष्णु देव साय को मिला भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मैच का न्योता; बोले- खेल जगत में नई पहचान बनाएगा प्रदेश

मुख्यमंत्री के सुझाव पर महिला दर्शकों को मिलेगी निःशुल्क एंट्री; खेल संघ के पदाधिकारियों ने महानदी मंत्रालय में की सौजन्य भेंट
🔴 आज की बात News | रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होने जा रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेले जाने वाले आगामी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया है।
मंत्रालय में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने सौंपा आमंत्रण
महानदी मंत्रालय भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए प्रदेश में पहली बार हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के सफल आयोजन हेतु क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं।
महिला दर्शकों के लिए फ्री एंट्री का सुझाव, संघ ने दी सहमति
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक मुकाबले में महिलाओं और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्टेडियम में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री के इस लोकहितैषी सुझाव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने तत्काल अपनी सहमति व्यक्त की।
‘बेटियों को मैदान पर खेलते देख मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन’
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वस्तरीय महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की धरती पर खेलते देखना हमारी बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायी होगा। जब बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा को अपनी आंखों के सामने देखेंगी, तो उनमें खेलों को करियर के रूप में चुनने का आत्मविश्वास और मजबूत होगा। उन्होंने रेखांकित किया कि राज्य सरकार दूरस्थ, ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को निखारने, आधुनिक अधोसंरचना विकसित करने और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ‘स्पोर्ट्स हब’ बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है।
मुलाकात के दौरान ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मोहन दास, डायरेक्टर विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, जी. एस. मूर्ति और विनय बजाज सहित संघ के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।




