छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

जांजगीर में सजेगी माता की चौकी: शुक्रवार शाम हाई स्कूल मैदान में शहनाज अख्तर की भक्ति संध्या, केंद्रीय राज्य मंत्री होंगे मुख्य अतिथि

हरि लीला ट्रस्ट की ओर से ‘भक्ति राग-एक शाम माँ के नाम’ का आयोजन; आम जनता के लिए प्रवेश रहेगा पूरी तरह निःशुल्क

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर जांजगीर नगर में एक भव्य भक्ति संध्या का आयोजन होने जा रहा है। हरि लीला ट्रस्ट, बनारी के तत्वावधान में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को ‘भक्ति राग जांजगीर – एक शाम माँ के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है। स्थानीय शासकीय हाई स्कूल मैदान में शाम 7:00 बजे से आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में देश की सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी सुरीली आवाज और भक्तिमय भजनों से श्रोताओं को भावविभोर करेंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

निःशुल्क रहेगा प्रवेश

आयोजकों ने बताया कि धर्मप्रेमी जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशाल धार्मिक कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है। मैदान में श्रद्धालुओं के बैठने, सुरक्षा और ध्वनि-प्रकाश की व्यापक व्यवस्था की जा रही है, ताकि पूरा माहौल भक्तिमय बना रहे।

कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल

इस भक्ति संध्या में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगे।

परिवार सहित शामिल होने की अपील

हरि लीला ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने जिले के सभी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर माता की भक्ति का आनंद उठाने और आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है। वहीं ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने कहा कि ‘भक्ति राग जांजगीर’ केवल एक संगीत संध्या नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र में सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने व सशक्त करने का एक संयुक्त प्रयास है।

Related Articles

Back to top button