जांजगीर में आज सजेगी भक्ति संध्या: शहनाज अख्तर के भजनों से गूंजेगा हाईस्कूल मैदान, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि


हरि लीला ट्रस्ट का भव्य आयोजन ‘भक्ति राग जांजगीर’; मेरिट सूची के 3 मेधावी छात्रों को 21-21 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर किया जाएगा सम्मानित
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्रि की पावन भक्ति, जांजगीर-नैला की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और जनसेवा के संकल्प को एक मंच पर समाहित करते हुए हरि लीला ट्रस्ट, बनारी (नैला-जांजगीर) द्वारा आज 16 अक्टूबर को भव्य भक्ति संध्या ‘भक्ति राग जांजगीर—एक शाम माँ के नाम’ का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय हाई स्कूल मैदान में शाम 7:00 बजे से आयोजित होने वाले इस विराट कार्यक्रम में देश की सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर देवी भजनों की सुमधुर संगीतमय प्रस्तुति देंगी। इस गरिमामय धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन में आम जनता का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप, विधायक राघवेंद्र सिंह तथा जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और सामाजिक प्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगे।

जन्मदिन पर सेवा, संस्कृति और प्रतिभाओं के सम्मान का संकल्प
उल्लेखनीय है कि 16 अक्टूबर को हरि लीला ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया का जन्मदिन भी है। ट्रस्ट इस अवसर को किसी व्यक्तिगत जश्न तक सीमित न रखकर जनहित, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर मनाता आ रहा है। इसी सोच के तहत भक्ति संध्या के साथ-साथ जिले की होनहार शैक्षणिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की सराहनीय पहल की गई है। ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने कहा कि जांजगीर-नैला की विशिष्ट पहचान नवरात्रि की भक्ति और जनसहभागिता से है और ‘भक्ति राग जांजगीर’ इसी विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सपरिवार उपस्थित होने की अपील की है।

राज्य के टॉप-10 मेधावी छात्र होंगे सम्मानित
हरिलीला ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष जिले के उन मेधावी विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की राज्य स्तरीय मेरिट (प्रावीण्य सूची) के टॉप-10 में स्थान बनाया हो। इस वर्ष भी तीन मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें सरस्वती शिशु मंदिर चांपा से कक्षा 12वीं की मेरिट में स्थान बनाने वाली छात्रा खुशबू देवांगन तथा विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर से कक्षा 10वीं के टॉप-10 में शामिल नैतिक गौतम एवं लोकेश राठौर का नाम शामिल है। इन सभी मेधावी छात्रों को मुख्य मंच से मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र तथा 21,000-21,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा।




