नैला में मां दुर्गा के दरबार पहुंचीं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशिल्या साय: उतारी महाआरती, समिति ने चुनरी भेंटकर किया आत्मीय सम्मान

नवरात्र की पंचमी पर जांजगीर प्रवास; प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए की विशेष पूजा-अर्चना
🔴 आज की बात News | जांजगीर-नैला। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व की पंचमी तिथि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशिल्या साय जांजगीर प्रवास पर रहीं। इस दौरान उन्होंने नैला स्थित सुप्रसिद्ध मां दुर्गा के भव्य पंडाल में पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया और महाआरती में सम्मिलित होकर मातारानी का आशीर्वाद लिया।
प्रदेश की खुशहाली के लिए की मंगलकामना
मां दुर्गा के दरबार में पूजा-अर्चना करने के उपरांत श्रीमती कौशिल्या साय ने समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति और निरंतर समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है और नैला का यह पावन दरबार पूरे अंचल में श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है।
समिति द्वारा चुनरी भेंटकर सम्मान
इस गरिमामय अवसर पर दुर्गा पूजा उत्सव समिति के अध्यक्ष राजेश पालीवाल ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशिल्या साय का पुष्पगुच्छ और पावन चुनरी भेंट कर आत्मीय अभिनंदन व सम्मान किया। समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें आयोजन की व्यवस्थाओं और धार्मिक अनुष्ठानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता मिरी, इंजीनियर रवि पांडेय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, पूजा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





