क्राइमजाँजगीर -चाँपा

बिर्रा पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी करते युवक को पकड़ा: 1.24 किलो गांजा जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

डोमाडीह निवासी 20 वर्षीय शुभम केंवट गिरफ्तार; एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर हुई कार्रवाई

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बिर्रा थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित घेराबंदी करते हुए उत्तम ढाबा के पास से एक युवक को अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

उत्तम ढाबा के पास घेराबंदी कर पकड़ा, झोले से बरामद हुआ गांजा

थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक मादक पदार्थ लेकर बिर्रा क्षेत्र में खपाने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम बिर्रा स्थित उत्तम ढाबा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शुभम केंवट (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम डोमाडीह, थाना हसौद, जिला सक्ती बताया। विधिवत तलाशी लेने पर युवक के कब्जे में मौजूद सफेद-लाल रंग के झोले से भूरे रंग के सेलो टेप में लिपटा हुआ 1.24 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹50,000 आंकी गई है।

धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजा गया जेल

पुलिस ने बरामद गांजा को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी शुभम केंवट के विरुद्ध धारा 20(बी) नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस (NDPS) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक आर. लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी, रामसाय साहू सहित थाना बिर्रा स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button