Chhattisgarhnationalकृषि\किसान

धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन: मुख्य अतिथि नितिन नवीन ने कहा – बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान और हिंसा की जगह विश्वास का नया वातावरण

प्रतिकूल मौसम के कारण वर्चुअल रूप से जुड़े राज्यसभा सांसद नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हो रहे जनजातीय विकास की की सराहना

मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा: प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी 13,839 रुपये आदान सहायता राशि

रायपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नितिन नवीन प्रतिकूल मौसम के कारण कार्यक्रम स्थल पर प्रत्यक्ष रूप से नहीं पहुंच सके और उन्होंने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को निर्णायक सफलता मिली है, जिससे बस्तर में भय और हिंसा की जगह विश्वास, शिक्षा और विकास का नया वातावरण बना है।

नक्सल प्रभावित परिवारों के जीवन में लौट रही शांति और सम्मान: नितिन नवीन

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक जैसे महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत व संस्कृति को सम्मान दिला रहे हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों से हुई अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध यह संघर्ष हजारों परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और शांति लौटाने का संकल्प है। उन्होंने बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की नीट व जेईई मेन्स में सफलता को इस सकारात्मक बदलाव का प्रमाण बताया। साथ ही उन्होंने 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।

कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि: मुख्यमंत्री साय

समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों के हित में राज्य सरकार के बड़े निर्णय की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पूरी 13,839 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता राशि दी जाएगी। इससे कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से प्रदेशभर में धान खरीदी प्रारंभ हो गई है और 360 नए उपार्जन केंद्र खोले जाने के बाद कुल केंद्रों की संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।

जनजातीय अस्मिता का सम्मान, संग्रहालय अवलोकन और बस्तर में शिक्षा-स्वास्थ्य का विस्तार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान और छत्तीसगढ़ के 14 महान जनजातीय जननायकों के योगदान को स्मरण करते हुए लोगों से नवा रायपुर में निर्मित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से प्रदेश के 6,691 गांवों में सुविधाएं पहुंच रही हैं, प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवास बन रहे हैं और अखरा विकास के प्रत्येक कार्य के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। महतारी वंदन योजना की 33 किस्तों में अब तक 68 लाख महिलाओं को 21 हजार 350 करोड़ रुपये अंतरित किए जा चुके हैं, जिसकी लगभग 30 प्रतिशत लाभार्थी जनजातीय महिलाएं हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा करने के साथ चरण पादुका योजना पुनः प्रारंभ की गई है। इसके अलावा मनेंद्रगढ़ व गीदम में मेडिकल कॉलेज तथा जगरगुंडा व ओरछा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं।

पद्मश्री विभूतियों का अभिनंदन और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनजातीय कला व संस्कृति के संरक्षण के लिए पद्मश्री सम्मानित विभूतियों बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया तथा मांझी-चालकी पदाधिकारियों को सम्मान राशि व तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया व चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह व लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button