छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

श्री कृष्ण गौशाला नैला में धूमधाम से मनाया गया गोपाष्टमी पर्व

विधि-विधान से गौ-पूजन कर खिलाया गया गुड़, चना और फल; वर्तमान में गौशाला में की जा रही है 270 गौमाता की सेवा

जांजगीर-चांपा। श्री धर्म सेवा समिति नैला द्वारा संचालित श्री कृष्ण गौशाला में गोपाष्टमी पर्व का आयोजन पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर पंडित संजय शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से गौमाता का पूजन संपन्न कराया। पूजन के पश्चात समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने गौमाता को गुड़, चना, फल और हरा चारा खिलाकर आशीर्वाद लिया।

गौ-सेवा सबसे बड़ा पुण्य और समाज की जिम्मेदारी: राजेश पालीवाल

कार्यक्रम के दौरान श्री कृष्ण गौशाला समिति के अध्यक्ष राजेश पालीवाल ने कहा कि गौ-सेवा से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है और समाज के हर वर्ग को इसके लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में नैला गौशाला में करीब 270 गौमाता की नियमित देखभाल और सेवा की जा रही है, समिति का प्रयास है कि गौवंश को बेहतर चारा, उपचार और सुरक्षित आश्रय मिलता रहे।

गोपाष्टमी पर गौ-पूजन से मिलता है 33 कोटि देवताओं का आशीर्वाद

पूजन संपन्न कराते हुए पंडित संजय शर्मा ने गोपाष्टमी पर्व के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन ही भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गौचारण की शुरुआत की थी। सनातन धर्म में गौमाता के शरीर में तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का वास माना गया है, इसलिए गोपाष्टमी के दिन गौ-पूजन और आहार दान करने से जीवन के संकट दूर होते हैं और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और नगरवासियों की सक्रिय सहभागिता रही। पूजा कार्यक्रम में अध्यक्ष राजेश पालीवाल के साथ पवन अग्रवाल, प्रदीप गोयल, संदीप शर्मा, विष्णु पालीवाल, राजू अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, संजय भोपालपुरिया, कुणाल गुप्ता, विजय शर्मा, उमेश अग्रवाल, प्रतीश अग्रवाल, सोनू मित्तल और अमित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button