Chhattisgarhकृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

पिसौद धान खरीदी केंद्र पहुंचे कलेक्टर जन्मेजय महोबे, किसानों का माला पहनाकर किया स्वागत और खरीदी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी ₹13,839 प्रति एकड़ आदान सहायता राशि; रबी फसल के लिए 5 जनवरी 2027 से मिलेगा सिंचाई का पानी

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को पिसौद धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केंद्र पहुंचते ही उन्होंने धान बेचने आए किसान दिलचंद कश्यप, घासीराम साहू, रामेश्वर प्रसाद, श्यामलाल कश्यप और राम कश्यप का फूलमाला पहनाकर व श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी प्रक्रिया और केंद्र की सुविधाओं का फीडबैक लिया।

कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरी आदान सहायता का लाभ

किसानों को शासन की नई नीतियों की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन ने कृषक हित में एक अहम निर्णय लिया है। इसके तहत यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल से कम धान भी बेचता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से एक समान 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने घोषणा की कि रबी फसल के लिए किसानों की मांग के अनुरूप 5 जनवरी 2027 से सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा।

एग्रीस्टेक पोर्टल त्रुटि सुधार और नियंत्रण कक्ष की सुविधा

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि एग्रीस्टेक पोर्टल में जिन किसानों के रकबे में धान की जगह गलती से दूसरी फसल दर्ज हो गई है, उसका दावा-आपत्ति के जरिए नियमानुसार सुधार किया जा रहा है। साथ ही धान खरीदी से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जहां किसान 07817-222032 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

केंद्र पर मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर महोबे ने अधिकारियों को बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, इंटरनेट कनेक्टिविटी, पेयजल, छाया, बिजली, चबूतरा और पहुंच मार्ग को पूरी तरह सुचारु रखने के निर्देश दिए ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो। इस मौके पर एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, जिला खाद्य अधिकारी संदीप पांडेय, डीएमओ मनोज यादव और सरपंच ध्वजाराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button