जांजगीर में महिला से मारपीट कर जेवरात ले उड़े नकाबपोश बदमाश; पुलिस ने जारी किया स्केच, पहचान बताने की अपील


भागते समय महिला ने खींच लिया था एक आरोपी का नकाब, बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध की तलाश में जुटी कोतवाली पुलिस
जांजगीर-चांपा। कोतवाली थाना क्षेत्र में घर में अकेली महिला से मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात ले उड़ने वाले नकाबपोश बदमाशों की तलाश में पुलिस ने संदिग्ध आरोपी का स्केच जारी किया है। बीते 12 नवंबर को दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की और अलमारी में रखे जेवरात चोरी कर फरार हो गए थे।
भागते समय महिला ने खींच लिया था नकाब, चेहरा देख की पहचान
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों में से एक का नकाब महिला ने खींच लिया था, जिससे उसने आरोपी का चेहरा देख लिया। महिला द्वारा बताए गए सटीक हुलिए और निशानदेही के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध आरोपी का यह स्केच तैयार कराया है, ताकि उसकी जल्द पहचान की जा सके।
सूचना देने के लिए पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि स्केच में दिख रहे हुलिए से मिलता-जुलता कोई भी व्यक्ति कहीं नजर आए या उसके बारे में कोई सुराग मिले, तो तत्काल पुलिस को बताएं। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की एक छोटी-सी सूचना आरोपियों तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकती है। किसी भी तरह की जानकारी देने के लिए थाना कोतवाली के मोबाइल नंबर 9907821111 या पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479193199 पर संपर्क किया जा सकता है।




