Chhattisgarhक्राइमरायगढ़सक्ती

रॉक गार्डन बोतल्दा में युवक से लूट के बाद युवती से गैंगरेप, 24 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार

ट्रेन लेट होने पर समय बिताने के लिए पर्यटन स्थल गए थे युवक-युवती, डंडे से हमला कर युवक को बेहोश करने के बाद दिया वारदात को अंजाम

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बोतल्दा निवासी दोनों आरोपियों को दबोचा, न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

खरसिया (रायगढ़)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रॉक गार्डन बोतल्दा में एक युवक और युवती के साथ मारपीट व लूटपाट के बाद युवती से सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की गंभीर वारदात सामने आई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घटना के महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ट्रेन लेट होने के कारण रॉक गार्डन पहुंचे थे युवक-युवती

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता 14 नवंबर 2026 को अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से सक्ती रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने की वजह से दोनों समय बिताने के लिए खरसिया के रॉक गार्डन बोतल्दा चले गए। जब वे वहां की सीढ़ियां चढ़ रहे थे, तभी पीछे से दो संदिग्ध युवक आए और दोनों को डराने-धमकाने लगे। आरोपियों ने युवती के पास से 1,200 रुपये और उसके मित्र से 10,000 रुपये नकद लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने डंडे से युवक के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। युवक को होश आने पर आरोपियों ने दोनों का वीडियो बना लिया और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो गए।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने 24 घंटे में दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान की और पीड़िता से फोटो की पुष्टि कराने के बाद घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण (री-क्रिएशन) भी कराया।

आईफोन, लूट की रकम व डंडा जब्त; अन्य युवतियों के वीडियो भी मिले

पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने आरोपी फनेश्वर प्रसाद पटेल (20 वर्ष, निवासी बोतल्दा, लेबर कार्यरत SKY कंपनी चपले) के पास से वीडियो बनाने में प्रयुक्त आईफोन और लूट के 1,500 रुपये बरामद किए हैं। वहीं, दूसरे आरोपी राहुल पटेल (21 वर्ष, निवासी बोतल्दा, कार्यरत शारडा कंपनी डभरा) के कब्जे से 3,000 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा जब्त किया गया है। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल से अन्य युवतियों के भी फोटो और वीडियो बरामद हुए हैं, जिनकी पुलिस गहराई से जांच कर रही है। खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत धारा 109, 309(6) और 70 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button