जशपुर में 8,454 हेक्टेयर खेतों तक पहुंचेगा पानी, 79.38 करोड़ की बगिया बैराज परियोजना का भूमिपूजन


13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ, खरीफ के साथ रबी की खेती को भी मिलेगा बढ़ावा; मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था
🔴 रायपुर। जशपुर जिले के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। परियोजना पूरी होने पर जिले के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा और 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
इस परियोजना से किसानों को खरीफ के साथ रबी फसल के लिए भी पानी मिल सकेगा। इससे वर्ष में एक से अधिक फसल लेने की संभावनाएं बढ़ेंगी और किसानों को केवल बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था

परियोजना की खासियत आधुनिक तकनीक आधारित सिंचाई व्यवस्था है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इसे मोबाइल माध्यम से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ में इस प्रकार की आधुनिक तकनीक पर आधारित पहली परियोजना बताया। इससे जल प्रबंधन को सुविधाजनक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सालभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। समय पर पानी मिलने से कृषि उत्पादन बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं मजबूत होंगी।
मैनी नदी पर ग्राम मुसकुटी में बनेगा बैराज
बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित कुल 13 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने भूमिपूजन के अवसर पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला बनेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।






