Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

कर्तव्य की वेदी पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि: पुलिस लाइन में हुआ स्मृति दिवस परेड

जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के शहीद परिवारों का हुआ आत्मीय सम्मान, हॉट स्प्रिंग्स के बलिदानियों को किया याद

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए आज 21 अक्टूबर को पुलिस लाइन खोखरा-भांठा में गरिमामयी माहौल में ‘पुलिस स्मृति दिवस’ मनाया गया। स्मृति दिवस परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को सलामी दी और मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के शहीद परिवारों की विशेष उपस्थिति रही।

पुलिस अधीक्षक ने किया 154 अमर शहीदों के नामों का वाचन

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने देशभर में 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के मध्य कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का ससम्मान वाचन किया। इसके उपरांत शहीदों की नाम पट्टिका शहीद स्मारक पर रखी गई तथा सशस्त्र जवानों ने ‘शोक शस्त्र’ की कार्रवाई कर वीर बलिदानियों को सलामी दी। उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सीआरपीएफ के 10 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिनकी शहादत की स्मृति में प्रतिवर्ष यह दिवस पूरे देश में मनाया जाता है।

सांसद, कलेक्टर व जनप्रतिनिधियों ने शहीद परिजनों को शॉल-श्रीफल देकर किया सम्मानित

समारोह में उपस्थित सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने शहीद परिवारों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। अतिथियों ने जांजगीर-चांपा जिले के शहीद प्रआर. रामशंकर पाण्डेय, आरक्षक रामकुमार कश्यप, उपनिरीक्षक लोकेश टंडन, आरक्षक समय लाल कश्यप, उपनिरीक्षक रुद्रप्रताप सिंह तथा सक्ती जिले के शहीद उपनिरीक्षक दीपक भारद्वाज, आरक्षक मनोहर लाल चंद्रा, आरक्षक मनोज कुमार बरेठ एवं आरक्षक कमलेश कुमार साहू के परिजनों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और समस्याओं के त्वरित निराकरण का भरोसा दिया।

सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और जवान रहे उपस्थित

इस अवसर पर 11वीं बटालियन पुटपुरा के सेनानी विमल बैस, एएसपी सक्ती पंकज पटेल, डीएसपी मुख्यालय जांजगीर विजय कुमार पैकरा, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, जिला सेनानी योगिता साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा, स्थापना प्रभारी कृष्ण साहू, सायबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा और कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button