Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ पावर कंपनियों में 1,501 पदों पर बंपर भर्ती: DEO के 609 और JE के 167 पद शामिल, 26 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 38 प्रकार के पदों के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी; तृतीय व चतुर्थ श्रेणी में केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को मौका।

🔴 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की तीनों कंपनियों (ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन और जनरेशन) में 1,501 पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा 38 प्रकार के पदों के लिए विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी कर अधिकृत वेबसाइट cspc.co.in पर अपलोड कर दिया गया है।

भर्ती में द्वितीय श्रेणी के 195 पद तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर की रात 8:00 बजे से शुरू हो चुकी है, जो 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक चलेगी।

डाटा एंट्री ऑपरेटर और जूनियर इंजीनियर के सर्वाधिक पद

जारी विज्ञापन के अनुसार सबसे अधिक नियुक्तियां डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) और कनिष्ठ अभियंता (JE) संवर्ग में होंगी। डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 450, जनरेशन में 95 और ट्रांसमिशन में 64 पद शामिल हैं।

इसी तरह कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के 167 पदों पर भर्ती होगी, जिसमें डिस्ट्रीब्यूशन में 124, ट्रांसमिशन में 32 और जनरेशन कंपनी में 11 पद स्वीकृत हैं। इसके अलावा सहायक अभियंता (इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिविल, आईटी) और अन्य तकनीकी पदों पर भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां की जाएंगी।

तृतीय व चतुर्थ श्रेणी में केवल स्थानीय निवासियों को मौका

भर्ती नियमों के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से 26 नवंबर तक जमा करना होगा।

तीनों कंपनियों के साझा पदों के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन फॉर्म में कंपनी की प्राथमिकता तय करनी होगी। मेरिट, पसंद और रिक्तियों के आधार पर संबंधित कंपनी आवंटित की जाएगी। पावर कंपनी प्रबंधन ने अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन करने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button