नैला के अग्रसेन भवन में 9 दिसंबर को होगा छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन, प्रदेश भर से जुटेंगे 500 पत्रकार


प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम के मार्गदर्शन में जिला इकाई कर रही भव्य आयोजन, सुबह 11 बजे से शुरू होंगे उद्घाटन और समापन सत्र
प्रदेश के मंत्रीगण, सांसद, विधायक और नेता प्रतिपक्ष होंगे शामिल, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों का किया जाएगा सम्मान
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के पत्रकारों के प्रमुख संगठन छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आगामी 9 दिसंबर 2026 को स्टेशन रोड नैला-जांजगीर स्थित श्री अग्रसेन भवन में आयोजित किया जाएगा। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम के मार्गदर्शन में जांजगीर-चांपा जिला इकाई द्वारा इस एक दिवसीय सम्मेलन की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेश कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे प्रारंभ होगा, जिसे उद्घाटन और समापन सत्रों में विभाजित किया गया है।
मंत्रीगण, सांसद, विधायक और नेता प्रतिपक्ष रहेंगे उपस्थित
इस प्रदेश स्तरीय आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन में यूनियन के सभी प्रदेश पदाधिकारी, संभागीय पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के अध्यक्ष और सदस्य हिस्सा लेंगे। जिला अध्यक्ष राजू शर्मा ने जिले के सभी पत्रकार साथियों से अपील की है कि वे अपने इष्ट मित्रों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित होकर संगठन की एकजुटता को मजबूत करें।
पत्रकारों का सम्मान और अतिथियों के लिए की जा रही विशेष व्यवस्था
जांजगीर-चांपा जिला इकाई के अध्यक्ष राजू शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश भर की जिला इकाइयों से लगभग 500 पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सदस्यों और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। बाहर से आने वाले सभी पत्रकार साथियों के लिए स्वल्पाहार, दोपहर के भोजन और शाम को हाई-टी की व्यवस्था की जा रही है। उल्लेखनीय है कि जांजगीर-चांपा जिला इकाई द्वारा पूर्व के वर्षों में भी प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का सफल आयोजन किया जा चुका है।



