Chhattisgarh

विकास के साथ गौरवशाली विरासत को सहेजना भी हमारी जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण

जनजातीय गौरव दिवस पर ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के करीब साढ़े छह हजार गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प

बिलासपुर/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय वीर नायकों का संघर्ष और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी इस समृद्ध विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी को जनजातीय महानायकों के योगदान से परिचित कराना भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री सोमवार को बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया, जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया तथा संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया।

मात्र 25 वर्ष के जीवन में बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत को दी चुनौती

मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने महज 25 वर्ष की अल्पायु में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने समाज को संगठित कर उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि अकाल के समय भूखी जनता के लिए उनका संघर्ष आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर देश और प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से युवाओं को इस गौरवशाली इतिहास से जोड़ा जा रहा है।

मांझी, चालकी और बैगा का बढ़ाया मानदेय, साढ़े छह हजार गांवों का हो रहा उत्कर्ष

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांवों को शामिल कर बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, साथ ही परंपराओं को सहेजने वाले मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम, स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव और पहाड़ी कोरवा व बिरहोर समुदाय के बीच सेवा कार्य कर रहे जोगेश्वर यादव के योगदान की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की जनहितैषी पहल की भी प्रशंसा की।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी हुए शामिल

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने उलगुलान आंदोलन और शहीद वीर नारायण सिंह के पराक्रम को याद किया। वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल, कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर मनीष श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में विद्वान, प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button