नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने महंत रामसुंदर दास को भेंट की सोनिया गांधी की आत्मकथा, कहा- सबसे पहले आपको दे रहा हूं


मुलाकात के दौरान महंत रामसुंदर दास ने श्री दूधाधारी मठ और शिवरीनारायण मठ महोत्सव में शामिल होने का दिया आमंत्रण
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से उनके रायपुर स्थित निवास पर पूर्व विधायक राजेश्री महंत रामसुंदर दास महाराज ने सौजन्य मुलाकात की। इस आत्मीय भेंट के दौरान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की प्रति भेंट करते हुए कहा कि वे यह पुस्तक सबसे पहले उन्हें भेंट कर रहे हैं और इसे पूरा अवश्य पढ़ें।
मठ महोत्सव का सौंपा आमंत्रण
पुस्तक भेंट स्वीकार करते हुए महंत रामसुंदर दास महाराज ने आभार व्यक्त किया और कहा कि वे इसका आद्योपांत अध्ययन करेंगे। इसी दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को आगामी श्री दूधाधारी मठ महोत्सव और श्री शिवरीनारायण मठ महोत्सव में पधारने का सादर आमंत्रण दिया।
21 नवंबर से रायपुर और 6 दिसंबर से शिवरीनारायण में होगा भव्य आयोजन
महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी के अनुसार, श्री दूधाधारी मठ महोत्सव का शुभारंभ 21 नवंबर से होगा और यह भव्य आयोजन 29 नवंबर तक चलेगा। रायपुर के मठपारा स्थित श्री दूधाधारी मठ सत्संग भवन में आयोजित इस महोत्सव में अवधपुरी धाम से पधारे स्वामी यतिराजाचार्य महाराज व्यास पीठ पर विराजित होकर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक कथा वाचन करेंगे। इसके पश्चात आगामी 6 दिसंबर से 14 दिसंबर तक श्री शिवरीनारायण मठ महोत्सव का भव्य आयोजन निर्धारित किया गया है।




