रायपुर: दक्षिण कोरिया में आयोजित रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल के लिए पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन, सीएम विष्णुदेव साय से की मुलाकात


28 और 29 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे कक्षा सातवीं के दोनों होनहार विद्यार्थी
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित वेदिक इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा सातवीं के दो होनहार विद्यार्थी पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। आगामी 28 और 29 नवंबर 2026 को होने वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दोनों छात्र भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयन के पश्चात दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की, जहां मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान और तकनीक का युग है और इतनी कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में सफलता हासिल करना प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान के बेहतर अवसर मिलते रहें।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 16 राज्यों के सात हजार विद्यार्थियों के बीच बनाई जगह
पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की लेगो लाइन फॉलोअर (LEGO Line Follower) श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। इस राष्ट्रीय स्पर्धा में देश के 16 से अधिक राज्यों के सात हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने नौ अलग-अलग श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट्स के साथ हिस्सा लिया था, जिनमें से चयनित 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। इस श्रेणी में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है जो निर्धारित ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर प्रोग्रामिंग और तार्किक सोच के आधार पर आगे बढ़ सके।
शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों के सहयोग से मिली सफलता
दोनों विद्यार्थियों की इस सफलता में उनके अभिभावकों, विद्यालय के शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों का विशेष योगदान रहा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के अवसर पर वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा और टीम कोच शौर्य सिन्हा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों व मार्गदर्शकों को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को तराशने में गुरुजनों और अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।



