Raipur: यूथ कांग्रेस नेता के घर के बाहर फूंकी गाड़ियां, पेट्रोल डालकर आगजनी से मचा हड़कंप

पोर्टल डेस्क रायपुर । राजधानी रायपुर के डगनिया इलाके में बीती रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने यूथ कांग्रेस नेता विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के घर के बाहर खड़ी दो कारों को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
पेट्रोल डालकर लगाई आग, वीडियो वायरल!
मौके पर मौजूद चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के अनुसार, उपद्रवियों ने पूरी योजना के साथ कारों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई है। घटना का एक दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
कांग्रेस नेता विनोद कश्यप ने इस घटना को पुलिस की बड़ी लापरवाही करार दिया है। उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर राजधानी के रिहायशी इलाकों में अपराधी इतने बेखौफ कैसे हैं? कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
बड़े प्रदर्शन की तैयारी
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता लामबंद हो गए हैं। आज दोपहर 12 बजे महादेव घाट रोड स्थित डीडी नगर थाने में विशाल प्रदर्शन और घेराव की तैयारी की गई है। कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
फिलहाल डीडी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।




