Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

अकलतरा में युवा संवाद: ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र भगाओ’ के संदेश पर युवाओं ने किया विचार-विमर्श

ऋषभ महाविद्यालय बनाहिल में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आयोजित किया विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम। सांसद कमलेश जांगड़े ने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती में उनकी भूमिका का महत्व बताया।

🔴 आज की बात | अकलतरा। भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से 31 अक्टूबर को ऋषभ महाविद्यालय (बनाहिल), अकलतरा में विधानसभा स्तरीय युवा संवाद एवं छात्र प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य विषय ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र भगाओ, लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ रहा। इस दौरान लोकतंत्र, युवाओं की भूमिका और देश के विकास में उनकी भागीदारी जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र भारत की आत्मा है और युवा उसकी शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा भीड़तंत्र और अराजकता फैलाने वाली शक्तियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

युवाओं को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने युवाओं से सीधा संवाद किया और भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक संरचना तथा एस.ए.आर. (सदस्यता, सक्रियता, राष्ट्रवाद) के बारे में जानकारी साझा की। वक्ताओं ने स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मुद्रा योजना, अग्निवीर योजना, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को इनके माध्यम से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और युवाओं की भागीदारी का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी रामदेव कुमावत, जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला महामंत्री नंद चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्या लता मेरी, पूर्व जिला अध्यक्ष गुलाब सिंह चंदेल, जिला कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, गोपेश तुलस्यान, अकलतरा मंडल अध्यक्ष निलेश गुप्ता, बलौदा मंडल अध्यक्ष सहित ऋषभ महाविद्यालय की प्राचार्य शिखा सिंह और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष आकाश सिंह एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। आयोजकों ने महाविद्यालय के संस्थापक जे.के. जैन, समिति सचिव अंकित जैन, महाविद्यालय परिवार और कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button