Chhattisgarhकृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा जिले के 1.21 लाख किसानों को मिली सौगात: खाते में अंतरित हुए 24.75 करोड़ रुपये

पीएम मोदी ने जारी की किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त; कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती पर जोर

🔴 जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले के 1 लाख 21 हजार 359 किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए 24.75 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से वर्चुअल माध्यम से 24वीं किस्त जारी करते हुए देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18 हजार 680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।

कृषि विज्ञान केंद्र में हुआ जिला स्तरीय सीधा प्रसारण

इस अवसर पर कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर-चांपा के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को प्रधानमंत्री के संबोधन और राशि अंतरण का सीधा प्रसारण दिखाया गया। जिला स्तरीय मुख्य आयोजन में 123 से अधिक किसान और जनप्रतिनिधि शामिल हुए, जबकि विभिन्न विकासखंडों में 320 और ग्राम पंचायत स्तर पर 2116 से अधिक कृषकों ने लाइव प्रसारण देखा।

रबी में दलहन-तिलहन और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के उप संचालक राकेश कुमार शर्मा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से आगामी रबी सीजन में केवल धान पर निर्भर न रहकर दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने जमीन की उर्वरता बनाए रखने के लिए किसानों को नियमित मिट्टी परीक्षण कराने के निर्देश व सुझाव दिए।

कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. के. डी. महन्त ने उपस्थित किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और कम लागत में बेहतर उत्पादन के लाभ बताए। उन्होंने खेतों में रासायनिक खादों के विकल्प के रूप में जीवामृत एवं बीजामृत बनाने की व्यावहारिक विधि और उसके सही उपयोग के तरीके विस्तार से समझाए।

इस अवसर पर कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button