Chhattisgarhpm modiकृषि\किसान

PM मोदी ने जारी की किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, मुख्यमंत्री साय बोले- अन्नदाताओं की समृद्धि ही विकसित भारत की आधारशिला

प्रदेश के 24.59 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 498.48 करोड़ रुपये; 15 नवंबर से 360 नए उपार्जन केंद्रों में शुरू होगी धान खरीदी

🔴 रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से वर्चुअल माध्यम से ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देश भर के अन्नदाताओं को बड़ी सौगात दी। प्रधानमंत्री ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए देश के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के रूप में 18 हजार 690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ के 24.59 लाख किसानों को मिले 498.48 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि 24वीं किस्त के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपये सीधे जमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत से लेकर अब तक प्रदेश के किसानों को 24 किस्तों में कुल 11 हजार 776 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की सम्मान निधि दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की बीज, खाद व कीटनाशक जैसी बुनियादी जरूरतों को समझा है और यह नियमित आर्थिक सहायता विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए बड़ा संबल बन रही है।

15 नवंबर से धान खरीदी, 360 नए केंद्र खुलेंगे

मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए राज्य में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू की जाएगी। सरकार 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदेगी। किसानों की सहूलियत के लिए तथा लंबी दूरी तय करने से बचाने के उद्देश्य से इस बार प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र खोले जा रहे हैं।

चक्रवात प्रभावित किसानों को मिलेगा त्वरित मुआवजा

मुख्यमंत्री ने चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण फसलों को हुए नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में अन्नदाताओं के साथ खड़ी है। सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल फसल क्षति सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आर.बी.सी. 6-4 के तहत पात्र किसानों को बिना किसी देरी के राहत राशि दी जा सके।

कार्यक्रम को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, कृषि सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, संचालक राहुल देव, कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी व किसान उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button