शूटिंग में जांजगीर के लाल का कमाल: सिद्धार्थ पाण्डेय ने ऑल इंडिया IPSC चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

25 नामी स्कूलों के बीच अंडर-14 टीम वर्ग में रचा इतिहास; चार राउंड में 85, 89, 92 व 90 अंक जुटाकर बने चैंपियन
🔴 जांजगीर-चांपा। जांजगीर की माटी में जन्मे और पले-बढ़े होनहार निशानेबाज सिद्धार्थ पाण्डेय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले का नाम रोशन किया है। 22 से 27 अक्टूबर तक आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आईपीएससी (IPSC) शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में सिद्धार्थ ने सटीक निशाना साधते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया। वर्तमान में रायपुर के प्रतिष्ठित राजकुमार कॉलेज (RKC) में अध्ययनरत सिद्धार्थ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से खेल प्रेमियों और जिलेवासियों में भारी उत्साह है।

25 शीर्ष स्कूलों के बीच अंडर-14 टीम वर्ग में किया शानदार प्रदर्शन
इस राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में राजस्थान, गुजरात, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश सहित देश भर के 25 नामी-गिरामी पब्लिक स्कूलों के उत्कृष्ट निशानेबाजों ने भाग लिया था। सिद्धार्थ का चयन अंडर-14 बालक टीम वर्ग में हुआ था, जहां उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी आदित्य प्रताप सिंह और अवीर जय सिंह के साथ मिलकर टीम का प्रतिनिधित्व किया। चार चरणों की कठिन रेंज शूटिंग के दौरान सिद्धार्थ ने क्रमशः 85, 89, 92 और 90 अंक जुटाए। उनके इस निरंतर और उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत टीम ने शीर्ष स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
कोच को दिया सफलता का श्रेय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने का लक्ष्य
सिद्धार्थ शुरू से ही मेधावी और खेल के प्रति समर्पित रहे हैं। उनकी प्राथमिक शिक्षा जांजगीर के लोटस पब्लिक स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) चांपा में हुई थी। इस बड़ी सफलता पर पिता मनींद्र कुमार पाण्डेय, माता श्रीमती रोशनी पाण्डेय सहित दादा-दादी और परिवारजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। सिद्धार्थ ने अपनी इस उपलब्धि का संपूर्ण श्रेय अपनी कोच सीता मैम को समर्पित किया है। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि उनका अगला लक्ष्य भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना है।




