सार्वजनिक जगह पर धारदार तलवार लहराने वाला आरोपी गिरफ्तार, बिर्रा पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई; गतवा निवासी तुकाराम साहू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज
🔴 जांजगीर-चांपा। बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत सार्वजनिक स्थान पर खुली तलवार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
राधाकृष्ण चौक पर राहगीरों को डराने की मिली थी सूचना
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिर्रा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम गतवा स्थित राधाकृष्ण चौक के पास एक व्यक्ति हाथ में नंगी तलवार लिए घूम रहा है और आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका कर दहशत का माहौल बना रहा है। किसी अप्रिय घटना अथवा संगीन अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देर किए गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर संदेही को काबू में ले लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम तुकाराम साहू (उम्र 26 वर्ष), पिता श्यामलाल साहू, निवासी ग्राम गतवा, थाना बिर्रा बताया। पुलिस द्वारा उसके पास मौजूद लोहे की धारदार तलवार को रखने अथवा क्रय-विक्रय के वैध दस्तावेज मांगे गए, जिसे वह प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी का यह कृत्य विधि विरुद्ध पाए जाने पर बिर्रा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 150/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
सार्वजनिक शांति भंग करने और अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने की इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक तीजराम जांगड़े, आरक्षक दीपक तिवारी एवं रामसाय साहू सहित थाने के स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।



