मुलमुला पुलिस की कार्रवाई: आम रास्ते पर छुरा लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

नरियरा रोड पर हनुमान मंदिर के पास से पकड़ाया आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
🔴 जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत आम रास्ते पर नंगा छुरा लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा।
हनुमान मंदिर के सामने फैला रहा था दहशत
थाना मुलमुला को 27 अक्टूबर को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि नरियरा रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने एक युवक हाथ में धारदार छुरा लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है और दहशत का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
लोहे का धारदार छुरा जब्त, भेजा गया जेल
पकड़े गए आरोपी की पहचान चंद्रकांत नवरंगे (निवासी मुलमुला, थाना मुलमुला) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का नंगा छुरा बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया, जिसके बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रितेश परमा, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, आरक्षक सनोहर जगत एवं राजेश कश्यप का सराहनीय योगदान रहा।



