
‘100 बार तो कुछ भी नहीं’, शादी को लेकर हुई चर्चा पर अभिनेत्री ने तोड़ी चुप्पी; विजय के समर्थन में उतरीं, परिवार को निशाना बनाने वालों पर भी जताई नाराजगी
🔴 मनोरंजन। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने पति विजय देवरकोंडा के साथ अपने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं पर खुलकर जवाब दिया है। ‘कॉफी विद करण 9’ के एपिसोड के बाद से इंटरनेट पर दोनों के रिश्ते और शादी के फैसले को लेकर बहस छिड़ी हुई थी। अब रश्मिका ने सोशल मीडिया पर एक लंबा और स्पष्ट बयान जारी कर ट्रोलर्स को दो टूक कहा है कि दूसरों की राय उनकी निजी जिंदगी और फैसलों को तय नहीं कर सकती।
‘विजय को हजार बार भी चुनूंगी’
रश्मिका ने स्पष्ट किया कि उनके और विजय के विवाह का निर्णय केवल किसी प्रपोजल या उसे स्वीकार करने में लगे समय तक सीमित नहीं था। उन्होंने कहा कि उनके बीच की बातचीत एक-दूसरे को समझने, जिम्मेदारियों को बांटने और हर परिस्थिति में साथ निभाने को लेकर थी। विजय को यह सोचने के लिए समय चाहिए था कि वे जीवन के हर उतार-चढ़ाव में साथ खड़े रह पाएंगे या नहीं। अपने फैसले पर अडिग रहते हुए रश्मिका ने कहा, “मैं यह हजार बार करूंगी—100 बार तो कुछ भी नहीं है।”
‘मैं अपने पति के प्यार में डूबी हूं’
अपने पति के प्रति प्यार का खुलकर इजहार करते हुए रश्मिका ने सवाल उठाया कि अपने जीवनसाथी से गहरा लगाव होना गलत कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि दोनों ने अपनी पहचान और जिंदगी अपनी मेहनत व फैसलों से बनाई है, इसलिए वे अपने रिश्ते से जुड़े निर्णय लेने में पूरी तरह सक्षम हैं। अभिनेत्री ने लोगों से अपील की कि उनके रिश्ते को दूसरों के नजरिए या सामाजिक अपेक्षाओं के तराजू पर न तौला जाए।
परिवार को निशाना बनाने वालों को दी चेतावनी
ऑनलाइन बहस के दौरान परिवार को घसीटे जाने पर रश्मिका ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी के परिवार के बारे में बिना सच्चाई जाने बेबुनियाद बातें कहना अनुचित है। अभिनेत्री ने यह भी साफ किया कि नारीवाद की आड़ में किसी को निशाना बनाना गलत है और निजी मतभेदों को ऑनलाइन उत्पीड़न में नहीं बदलना चाहिए।
विजय देवरकोंडा ने भी तंज कसते हुए दी प्रतिक्रिया
इस विवाद के बीच विजय देवरकोंडा ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराई। उन्होंने एक व्यंग्यात्मक वीडियो रीपोस्ट किया, जिसमें सेलिब्रिटीज के निजी रिश्तों और व्यवहार का गैर-जरूरी विश्लेषण करने वालों पर चुटकी ली गई थी। इस वीडियो को साझा करते हुए विजय ने कैप्शन में “Needs subtitles” लिखकर ट्रोलर्स पर तंज कसा। दोनों के इस मुखर रुख के बाद अब यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा के केंद्र में बना हुआ है।




