कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक: 2 नवंबर को हाईस्कूल मैदान में होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव

सीएम हेल्पलाइन के गुणवत्तापूर्ण निराकरण, सड़क निर्माण में मानकों के पालन और अस्पताल व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
🔴 जांजगीर-चांपा। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (TL) की बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जनकल्याणकारी योजनाओं, निर्माण कार्यों और लंबित जनशिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 2 नवंबर को जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को सुरक्षा, मंच, बैठक, पेयजल और बिजली व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही 1 से 3 नवंबर तक सभी शासकीय भवनों में रोशनी करने को कहा गया है।
सीएम हेल्पलाइन पर सख्ती, शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के आदेश
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक संतुष्टि जरूरी है। उन्होंने कहा, “अधिकारी निराकरण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से स्वयं फोन पर बातचीत कर फीडबैक लें, लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।” इसके अलावा सेवा सेतु पोर्टल के समय-बाह्य प्रकरणों को तत्काल निपटाने और सुघ्घर छत्तीसगढ़ पोर्टल पर त्रुटिरहित प्रविष्टि के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण में मानकों का पालन और औचक निरीक्षण
जिले में चल रहे सड़क निर्माण व मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई को निर्देशित किया गया कि निर्माण के दौरान आम नागरिकों का आवागमन बाधित न हो। इसके लिए डायवर्जन, पर्याप्त संकेतक, रोलर चलाने और पानी के छिड़काव जैसे मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं सड़कों और हाउसिंग बोर्ड के निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे।
स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त रखने और योजनाओं के प्रचार पर जोर
जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा के दौरान डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति, जांच सुविधाओं की उपलब्धता और मेडिकल उपकरणों के चालू रहने की पुष्टि करने के निर्देश दिए गए। बैठक में 30 अक्टूबर को कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित होने वाले ‘पीएम किसान उत्सव’ और ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, प्रमोद गुप्ता, आर.के. तंबोली, बीरेन्द्र लकड़ा सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




