Chhattisgarhpm modi

‘मन की बात’ 140 करोड़ देशवासियों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम: अभनपुर में स्मृति ईरानी के साथ सीएम विष्णु देव साय ने सुनी 139वीं कड़ी

प्रधानमंत्री दे रहे छत्तीसगढ़ की संस्कृति और नवाचारों को राष्ट्रीय पहचान; बस्तर ओलंपिक से लेकर ‘5% मॉडल’ तक का किया उल्लेख

🔴 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एवं सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी का श्रवण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों के साथ प्रधानमंत्री के आत्मीय जुड़ाव का सशक्त माध्यम बन चुका है।

असाधारण प्रयासों को मिल रही राष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज, पर्यावरण, संस्कृति, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे सामान्य नागरिकों के असाधारण प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते हैं। ऐसे प्रेरक उदाहरण देश के हर नागरिक में राष्ट्र निर्माण के लिए कुछ नया करने का भाव जागृत करते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका होगी और इसे जनभागीदारी तथा समर्पण के जरिए साकार किया जाएगा।

बस्तर ओलंपिक और जल संरक्षण मॉडल का उल्लेख गर्व का विषय

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रत्येक छत्तीसगढ़वासी के लिए गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम और खेल प्रतिभाओं को प्रमुखता से स्थान दिया है। उन्होंने कोरिया जिले में जल संरक्षण के अभिनव ‘पांच प्रतिशत मॉडल’ की सराहना की, जिसके तहत किसान अपनी जमीन के 5% हिस्से में तालाब बनाकर वर्षा जल संचय कर रहे हैं। इसके अलावा ऐतिहासिक मल्हार के ताम्रपत्रों और पोषण अभियान से जुड़े ‘हर घर मुनगा’ जैसे नवाचारों का उल्लेख प्रदेश के मान को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करता है।

‘वोकल फॉर लोकल’ और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 139वीं कड़ी में कार्यक्रम की 12 वर्षों की प्रेरक यात्रा का उल्लेख करते हुए देशवासियों के परिश्रम और समर्पण की सराहना की। उन्होंने त्योहारों के अवसर पर स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देने, ‘वोकल फॉर लोकल’ अपनाने, आधुनिक अनुसंधान, युवाओं के डीप-टेक स्टार्टअप और अंगदान के महत्व पर जोर दिया। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button