Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाबिलासपुर

चक्रवाती तूफान का असर, प्रशासन अलर्ट! 27-29 अक्टूबर तक बारिश की संभावना, महानदी-हसदेव क्षेत्र पर खास नजर

कलेक्टर एवं एसपी ने ली समीक्षा बैठक; तटीय इलाकों में मुनादी कराने और 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश

🔴 जांजगीर-चांपा। मौसम विभाग द्वारा चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 27 से 29 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में संभावित भारी बारिश की चेतावनी जारी होने के बाद जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

तटीय और निचले इलाकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश

बैठक में शिवरीनारायण सहित महानदी एवं हसदेव नदी के आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि नदी किनारे बसे गांवों और निचले क्षेत्रों में मुनादी कराकर स्थानीय नागरिकों को समय रहते सतर्क किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। इसके साथ ही नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को जलभराव से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया है।

बांधों की स्थिति पर नजर और आपदा राहत बल को तैयार रहने का आदेश

समीक्षा के दौरान गंगरेल एवं बांगो बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए संबंधित जल संसाधन और राजस्व विभागों को समय पर सूचना साझा करने और परस्पर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिला एवं तहसील स्तर पर स्थापित आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रहने को कहा गया है। साथ ही जिला आपदा राहत बल (DDRF) को अलर्ट पर रखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के साथ सतत समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग तथा प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर ही ध्यान दें, अफवाहों से बचें और नदी-नालों व जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों से उचित दूरी बनाकर आवश्यक सावधानियां बरतें। बैठक में अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button