छत्तीसगढ़ के 26 वें स्थापना दिवस पर दिखेगी विकास और लोक संस्कृति की झलक: सारंग हेलीकॉप्टर और बॉलीवुड गायकों से सजेगा राज्योत्सव

विभागीय प्रदर्शनियों में दिखेगा विकसित छत्तीसगढ़ का विजन; 3 नवंबर को 40 राज्य स्तरीय पुरस्कारों के वितरण के साथ होगा समापन
🔴 आज की बात News | रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नवा रायपुर स्थित तूता मेला मैदान में 1 से 3 नवंबर तक भव्य राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस गरिमामय समारोह में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों और आधुनिक विकास की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। इस बार राज्योत्सव की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है।
सशक्त नारी-युवा उड़ान थीम पर केंद्रित होंगी प्रदर्शनियां
राज्योत्सव परिसर में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा विशाल प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे महत्वपूर्ण विषयों को केंद्र में रखकर प्रदेश के अधोसंरचना विस्तार, निवेश के अवसरों और जनकल्याणकारी नीतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से महिला सशक्तीकरण और युवाओं के भविष्य संवारने वाली योजनाओं को प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा।
सारंग हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण टीम का एयर शो होगा मुख्य आकर्षण
नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टरों द्वारा हैरतअंगेज हवाई करतब पेश किए जाएंगे। सूर्यकिरण टीम के 9 विमान करीब 40 मिनट तक आसमान में फॉर्मेशन फ्लाइंग और साहसिक एयरोबेटिक स्टंट्स का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के साथ उच्चस्तरीय समन्वय बैठक कर व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की है।
बॉलीवुड और स्थानीय कलाकारों की सजेगी महफिल
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुतियां प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही राज्य के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक गाथाओं, नृत्यों और संगीत की सतरंगी छटा बिखेरेंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए मुख्य मंच के सामने विशाल वाटरप्रूफ डोम बनाए जा रहे हैं और पूरे परिसर में 60 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।
40 हजार वाहनों की पार्किंग, 20 बेड का आईसीयू अस्पताल व 300 शौचालय
आयोजन स्थल पर पहुंचने वाले लाखों दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। मैदान के आसपास 40 हजार वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है तथा 6 अलग-अलग पहुंच मार्गों का निर्धारण किया गया है। स्वास्थ्य और आपातकालीन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मौके पर 20 बेड का सर्वसुविधायुक्त अस्थाई अस्पताल, आईसीयू, 25 एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रहेंगी। दर्शकों की सुविधा के लिए 300 अस्थायी शौचालयों का भी निर्माण कराया गया है।
3 नवंबर को 40 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण सम्मान
तीन दिवसीय राज्योत्सव के अंतिम दिन 3 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह का गरिमामय आयोजन होगा। इसमें विभिन्न विधाओं, समाजसेवा, कला, साहित्य और खेल जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाली राज्य की 40 प्रमुख हस्तियों को राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।



