जाँजगीर -चाँपाशिक्षा

शिक्षा के साथ डिजिटल सुरक्षा भी जरूरी: ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में छात्रों को सिखाए सुरक्षित इंटरनेट के नियम

फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन गेमिंग के खतरों से रहें सावधान; संचालक आलोक अग्रवाल ने समाज को भी जागरूक करने का किया आह्वान

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, बनारी में विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराने के उद्देश्य से विशेष साइबर सिक्योरिटी एवं अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में जिले भर के शिक्षण संस्थानों में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल ठगी से सुरक्षित रखना है।

इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें:  भास्कर शर्मा

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जिला साइबर सेल प्रभारी टीआई भास्कर शर्मा ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया और डिजिटल पेमेंट का चलन तेजी से बढ़ा है। इसके साथ ही साइबर ठगी, फर्जी कॉल, फिशिंग, सोशल मीडिया हैकिंग और ओटीपी फ्रॉड जैसे खतरे भी बढ़े हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी अज्ञात व्यक्ति से पासवर्ड, बैंक विवरण या निजी जानकारी साझा न करने की सख्त सलाह दी।

साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, तुरंत दर्ज कराएं शिकायत

टीआई भास्कर शर्मा ने बताया कि मजबूत पासवर्ड रखना और खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करना सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो उसे घबराने के बजाय तत्काल अपने बैंक को सूचित करना चाहिए और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन अथवा नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शंकाएं रखीं, जिनका मौके पर ही सरल समाधान किया गया।

स्वयं जागरूक बनकर परिवार और समाज को भी सतर्क करें: आलोक अग्रवाल

संस्था के संचालक आलोक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक युग में औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा की समझ होना अनिवार्य है। विद्यार्थियों को तकनीक का हमेशा सकारात्मक और सुरक्षित उपयोग करना चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहकर अपने परिवार और समाज को भी जागरूक बनाएं।

कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की रही सक्रिय सहभागिता

जागरूकता सत्र का संचालन स्कूल की साइबर नोडल ऑफिसर एवं प्रभारी उप-प्राचार्या नीलम सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्था के संचालक डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल, प्राचार्या सोनाली सिंह तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक रोहित कहरा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button