गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, तय समय में पूरे हों सड़क और पुल निर्माण: कलेक्टर जन्मेजय महोबे


गोधना-कुकदा सीसी रोड और कुकदा-रिंगनी पुल का किया औचक निरीक्षण; मौके पर कराई चौड़ाई-मोटाई की माप
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले में चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शनिवार को मैदानी स्तर पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोधना से कुकदा तक और मेन रोड राहौद से बालक छात्रावास तक निर्माणाधीन सीसी सड़क का जायजा लिया। इसके साथ ही कुकदा-रिंगनी मार्ग पर बन रहे महत्वपूर्ण पुल के निर्माण कार्य की प्रगति की भी बारीकी से समीक्षा की।
मौके पर फीता लगवाकर जांची गई तकनीकी गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की पारदर्शिता और मजबूती जांचने के लिए मौके पर ही सीसी रोड की मोटाई और चौड़ाई की माप कराई। उन्होंने निर्माण एजेंसी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में स्वीकृत तकनीकी मापदंडों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

लापरवाही पर सख्त हिदायत, ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने पर जोर
समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क के साथ समुचित जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) विकसित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश के दिनों में सड़क पर जलभराव की समस्या न बने और आवागमन सुचारू रूप से जारी रहे।
कुकदा-रिंगनी पुल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
सड़क के बाद कुकदा-रिंगनी पुल निर्माण का जायजा लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में गति लाने और इसे तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क व पुल निर्माण कार्यों की सतत निगरानी रखी जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र ही सुरक्षित, टिकाऊ और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।





