Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त: चांपा में 21 बसों की जांच, अनफिट मिली 5 बसों पर ₹25,000 जुर्माना

हसदेव व सरस्वती स्कूल की बसों में सुप्रीम कोर्ट के सुरक्षा मानकों की हुई पड़ताल; यातायात पुलिस व परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

🔴 जांजगीर-चांपा। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं जिला परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने चांपा नगर के स्कूलों में संचालित बसों की सघन जांच की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत कुल 21 स्कूली बसों की जांच की गई, जिसमें फिटनेस संबंधी गंभीर खामियां पाए जाने पर 5 बसों के खिलाफ कुल ₹25,000 की चालानी कार्रवाई की गई है।

सुप्रीम कोर्ट के सुरक्षा मानकों के तहत हुई जांच

अभियान के तहत संयुक्त जांच दल ने चांपा स्थित हसदेव पब्लिक स्कूल एवं सरस्वती स्कूल मंदिर पहुंचकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्कूली वाहनों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप वाहनों के दस्तावेजों, फिटनेस प्रमाण-पत्र, आपातकालीन खिड़कियों और प्राथमिक उपचार पेटियों की बारीकी से पड़ताल की। जांच के दौरान जिन वाहनों में खामियां पाई गईं, उन पर जिला परिवहन विभाग द्वारा तत्काल चालान काटा गया और संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए।

‘बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई’

जांच के दौरान बस चालकों व स्कूल प्रबंधकों को वाहनों की फिटनेस हमेशा दुरुस्त रखने, सुरक्षा मानकों का अनिवार्य पालन करने तथा बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं को दोपहिया या अन्य वाहन न चलाने देने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने को लेकर जागरूक किया गया।

पुलिस प्रशासन ने अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह संयुक्त जांच अभियान जिले के अन्य सभी निजी व शासकीय स्कूलों में लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button