तीरंदाजी में कोरबा का जलवा: गीतेश और युवराज ने नेशनल में जीता ब्रॉन्ज मेडल, हरियाणा को चटाई धूल

जयपुर में लहराया परचम, स्टेशन पर ढोल-ताशों से हुआ जोरदार स्वागत; अब इंटरनेशनल ट्रेनिंग के लिए जाएंगे तुर्की
🔴 कोरबा। राष्ट्रीय खेल मंच पर कोरबा के युवा तीरंदाजों ने अपनी सटीक निशानेबाजी और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित 46वीं आर्चरी रिकर्व जूनियर नेशनल प्रतियोगिता के टीम इवेंट में कोरबा तीरंदाजी अकादमी के होनहार खिलाड़ियों गीतेश यादव और युवराज यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। दोनों खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबले में हरियाणा की मजबूत टीम को पराजित कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस जीत से खेल प्रेमियों सहित पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।
रेलवे स्टेशन पर ढोल-ताशों के साथ जोरदार स्वागत
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर कोरबा लौटे दोनों खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर नागरिक अभिनंदन किया गया। स्टेशन परिसर में ढोल-ताशों की गूंज और पुष्पहारों के साथ दोनों प्रतिभावान खिलाड़ियों का भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज, सर्व यादव समाज, आर्चरी संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों के परिजनों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का मुंह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कड़े अनुशासन और नियमित अभ्यास से मिली सफलता
प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल करने वाले गीतेश यादव (सुपुत्र धन्नू यादव एवं देवकुमारी यादव) तथा युवराज यादव (सुपुत्र संतोष यादव एवं गीता यादव) ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। कोरबा तीरंदाजी अकादमी के कोच भरत कुमार यादव एवं भानु यादव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास और समर्पण का ही परिणाम है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर लगातार पदक जीत रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव के लिए तुर्की जाएंगे खिलाड़ी
कोचों ने जानकारी दी कि खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता और मानसिक मजबूती को और अधिक निखारने के लिए अकादमी के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त करने के उद्देश्य से तुर्की जाएंगे। विदेशी धरती पर आधुनिक प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजों के साथ अभ्यास से खिलाड़ियों को भविष्य की वैश्विक प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।




