Chhattisgarh

चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों को जल्द मिलेगी राहत: सीएम साय ने दिए तत्काल फसल क्षति सर्वे के निर्देश

सभी जिला कलेक्टरों को फील्ड में उतरने का आदेश; आरबीसी 6-4 के तहत पात्र किसानों को बांटी जाएगी मुआवजा राशि

🔴 रायपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के चलते फसलों को पहुंचे नुकसान को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेहद गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल क्षति का व्यापक सर्वेक्षण कराने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

आरबीसी 6-4 के तहत दी जाएगी त्वरित सहायता राशि

मुख्यमंत्री साय ने राजस्व एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि चक्रवात से प्रभावित खेतों में पहुंचकर फसलों के नुकसान का त्वरित और सटीक आकलन किया जाए। आकलन के उपरांत राजस्व पुस्तक परिपत्र (R.B.C.) 6-4 के निर्धारित प्रावधानों और पारदर्शी मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को बिना किसी अड़चन के सहायता राशि स्वीकृत कर वितरित की जाए।

सर्वे और राहत वितरण में न हो अनावश्यक विलंब: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को ताकीद करते हुए कहा कि सर्वेक्षण कार्य से लेकर किसानों के खातों में राहत राशि अंतरित होने तक किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करे ताकि प्रभावित किसानों को समय रहते आर्थिक संबल मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और समयबद्ध तरीके से राहत कार्य पूर्ण करने को कहा है।

Related Articles

Back to top button