छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के 4 अधिकारी-कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, सेवा योगदान के लिए किया सम्मानित


मुख्य अभियंता राजेश कुमार तिवारी और अखिलेश चंद्र श्रीवास्तव सहित चार अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त; समारोह में प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर दी गई शुभकामनाएं।
🔴 रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज से मुख्य अभियंता राजेश कुमार तिवारी और मुख्य अभियंता अखिलेश चंद्र श्रीवास्तव सहित चार अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर कंपनी मुख्यालय सेवा भवन में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर भावभीनी विदाई दी गई। वहीं, छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में भी सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
सेवा भवन में आयोजित विदाई समारोह में सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता राजेश कुमार तिवारी और मुख्य अभियंता अखिलेश चंद्र श्रीवास्तव ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने सेवायात्रा के दौरान मिले सहयोग के लिए पॉवर कंपनी प्रबंधन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (एचआर) आर.पी. नामदेव, जनरेशन कंपनी के मुख्य अभियंता (एचआर) शशिधर द्विवेदी और ट्रांसमिशन कंपनी की मुख्य अभियंता (एचआर) रश्मि वर्मा ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने मुख्य अभियंता राजेश कुमार तिवारी, निज सचिव नीरज कुमार मिश्रा और सहायक प्रबंधक सुधीर गनपत राव राजिमवाले को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, उत्कृष्ट कार्यशैली और अनुभवों से पॉवर कंपनी के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिली है। उन्होंने उनके सेवाकालीन योगदान की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक गोविन्द पटेल और सहायक प्रबंधक अनामिका मंडावी ने किया। वहीं, आभार प्रदर्शन अधीक्षण अभियंता पंकज चौधरी ने किया।




