मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल को, जिले के 33 केंद्रों पर 9,811 अभ्यर्थी होंगे शामिल

जांजगीर-चांपा, 24 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा 26 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा राज्य के 16 जिलों में आयोजित होगी, जिसमें लगभग 2.47 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। जांजगीर-चांपा जिले में यह परीक्षा 33 केंद्रों पर आयोजित होगी, जहां 9,811 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
समय से पहले पहुंचना अनिवार्य
परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है, इसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचकर फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
एक दिन पहले केंद्र का निरीक्षण करें
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
ड्रेस कोड और प्रतिबंध
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। गहरे रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। धार्मिक एवं सांस्कृतिक परिधान वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय पहले पहुंचकर जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा।
फुटवियर के रूप में चप्पल पहनना अनिवार्य है, जबकि किसी भी प्रकार के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल, घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी आदि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
अनुचित साधनों पर सख्ती
परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का उपयोग करने पर अभ्यर्थिता समाप्त कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन साथ लाने की अनुमति होगी।




