मुख्यमंत्री साय से मिलीं मिस इंडिया छत्तीसगढ़ अनुष्का सोन: विधानसभा का ऐतिहासिक सत्र सुनने पहुंची थीं रायपुर

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज विधानसभा परिसर में मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 सुश्री अनुष्का सोन ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान अनुष्का ने मुख्यमंत्री को नारी सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
विधानसभा की कार्यवाही बनी प्रेरणा
अनुष्का सोन विशेष रूप से विधानसभा के इस ऐतिहासिक सत्र की कार्यवाही को सुनने पहुंची थीं। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि नीति निर्माण की प्रक्रिया को करीब से देखना उनके लिए एक बड़ी सीख रही। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए आयोजित विशेष सत्र की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया।
बेटियों की प्रतिभा पर मुख्यमंत्री को गर्व
मुख्यमंत्री श्री साय ने अनुष्का से चर्चा के दौरान कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानती है। उन्होंने कहा:
“यह प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि हमारी बेटियां शिक्षा, कला और खेल के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसी पहल महिलाओं के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी।”
उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने अनुष्का सोन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रेरक बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इस विशेष मुलाकात के दौरान विधायक श्री अनुज शर्मा भी उपस्थित रहे।




