जाँजगीर -चाँपा

सिटी बस संचालन की मांग को लेकर भीम रेजिमेंट ने सौंपा ज्ञापन

जल्द निर्णय नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी, डिप्टी कलेक्टर को बताई आमजन की परेशानी

जांजगीर-चांपा। जिले में लंबे समय से बंद पड़ी सिटी बस सेवा को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर भीम रेजिमेंट ने डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र कुमार चौधरी को ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर की अनुपस्थिति में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र रत्नाकर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने प्रशासन को आम जनता की समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग की।

भीम रेजिमेंट के पदाधिकारियों ने बताया कि सिटी बस सेवा बंद होने से छात्र-छात्राओं, मजदूरों, कर्मचारियों और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच लोगों की निजी वाहनों पर निर्भरता बढ़ गई है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। वहीं जिले में ईंधन को लेकर भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने कहा कि सिटी बस सेवा दोबारा शुरू होने से शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सस्ती, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

आंदोलन की दी चेतावनी

ज्ञापन के माध्यम से भीम रेजिमेंट ने प्रशासन से मांग की है कि सिटी बस संचालन को लेकर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान प्रदेश संरक्षक दिलीप कश्यप, जिला उपाध्यक्ष मनीष कर्ष, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष मणिशंकर अनंत, विजय मनहर, शैलेन्द्र कुमार, महेंद्र कुमार, लखेश्वर, जशवंत, शिवराज साय तोडें, अभय दिवाकर, अमित सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से ज्ञापन पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

10023547567605736327287073482

Related Articles

Back to top button