जाँजगीर -चाँपाशिक्षा

जिले के 5 विद्यालयों में शुरू होंगी वित्तीय प्रयोगशालाएं, छात्र सीखेंगे बचत से निवेश तक के गुर

बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा की व्यवहारिक शिक्षा के लिए शिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जिले के विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। जिले के पांच शासकीय विद्यालयों में स्थापित वित्तीय प्रयोगशालाओं (फाइनेंशियल लैब) के संचालन एवं प्रभावी उपयोग के लिए आयोजित दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन कलेक्टर की उपस्थिति में हुआ। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने वित्तीय प्रयोगशालाओं में संचालित होने वाली गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया।

खेल-खेल में सीखेंगे वित्तीय प्रबंधन

वित्तीय प्रयोगशालाओं में विद्यार्थी खेल, गतिविधियों, सिमुलेशन और वास्तविक जीवन आधारित परिस्थितियों के माध्यम से बैंकिंग, बीमा, बचत, निवेश, बजट निर्माण, उद्यमिता, उपभोक्ता जागरूकता तथा साइबर सुरक्षा जैसे विषयों को व्यवहारिक रूप से सीखेंगे। इसका उद्देश्य कम उम्र से ही विद्यार्थियों में जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है।

पांच विद्यालयों में हुई स्थापना

जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय अकलतरा, बलौदा एवं पामगढ़, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बिर्रा तथा पीएम श्री विद्यालय नवागढ़ में वित्तीय प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इन प्रयोगशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक वित्तीय ज्ञान और व्यवहारिक कौशल प्रदान किए जाएंगे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप पहल

यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुभवात्मक एवं कौशल आधारित शिक्षण के उद्देश्यों के अनुरूप है। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न खेलों, भूमिका-अभिनय और अनुभवात्मक शिक्षण मॉडलों के जरिए बताया गया कि जटिल वित्तीय अवधारणाओं को विद्यार्थियों तक सरल और रोचक तरीके से कैसे पहुंचाया जा सकता है।

वित्तीय साक्षरता समय की आवश्यकता : कलेक्टर

कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि वर्तमान दौर में वित्तीय साक्षरता एक आवश्यक जीवन कौशल बन चुकी है। उन्होंने कहा कि ये प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि वास्तविक जीवन में वित्तीय निर्णय लेने की समझ और क्षमता भी प्रदान करेंगी। खेल आधारित शिक्षण पद्धति उन्हें भविष्य की आर्थिक चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करेगी।

CSR परियोजना के तहत हो रहा संचालन

आईडीबीआई बैंक की सीएसआर परियोजना के अंतर्गत संचालित इस पहल का क्रियान्वयन संस्था सी फॉर कॉमर्स द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया है। बैंक अधिकारियों ने कहा कि यह परियोजना विद्यार्थियों में वित्तीय अनुशासन, बचत की आदत और आर्थिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नियमित संचालन के लिए तैयार प्रयोगशालाएं

प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन के साथ जिले के सभी पांचों विद्यालयों में स्थापित वित्तीय प्रयोगशालाएं अब नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि इससे विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया अधिक रोचक, सहभागितापूर्ण और प्रभावी बनेगी।

Related Articles

Back to top button