महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626.25 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी कर 66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये अंतरित किए।
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये अंतरित किए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं।
29 किस्तों में 18,805.83 करोड़ रुपये हुए अंतरित
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की नई पहचान बन चुकी है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 29 किस्तों में 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं।
महिलाओं के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे के दौरान महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि से उन्होंने छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं, सिलाई-कढ़ाई एवं स्वरोजगार अपनाया है तथा बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिली है।
ई-केवाईसी जल्द पूरी करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर सभी पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
हर महीने मिलती है एक हजार रुपये की सहायता
उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से प्रदेश में लागू है। इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा परिवार के पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।




