जांजगीर-चांपा: कर्रा नाला जलाशय का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण, प्रभावितों को राहत शिविर में पहुंचाया

जलाशय के गेट में दरार और बांध की मिट्टी कटने के बाद प्रशासन अलर्ट, राहत एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटमीसोनार के समीप स्थित कर्रा नाला जलाशय के गेट में दरार आने तथा गेट के समीप बांध की मिट्टी कटने से पानी तेज़ी से निकलने लगा। स्थिति की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जलाशय और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा राहत एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप, एसडीएम श्री सुमित बघेल, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मिशन मोड में शुरू हुआ मरम्मत कार्य
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जल संसाधन विभाग की दोनों संभागीय टीमों को मिशन मोड में मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए। विभाग की तकनीकी टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहकर जलाशय के गेट एवं बांध को सुरक्षित करने में जुटी हुई हैं।
125 लोगों को राहत शिविर में पहुंचाया गया
संभावित जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। तहसील अकलतरा के ग्राम बड़ेअमेरी एवं कोटमीसोनार के भाटापारा क्षेत्र के लगभग 125 प्रभावित लोगों को कोटमीसोनार राहत शिविर में ठहराया गया है। राहत शिविर में भोजन, पेयजल एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम द्वारा सभी प्रभावितों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कुटीघाट क्षेत्र का भी किया निरीक्षण
कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कुटीघाट क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां कुछ घरों में पानी भरने की सूचना मिलने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर राहत शिविर में ठहराया गया। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, दवाइयों सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में जिला प्रशासन, पुलिस, जल संसाधन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार मौके पर तैनात रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान किसी भी पुल, पुलिया अथवा तेज बहाव वाले नाले को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें।





